मेरे बारे मे
11 02 2007 ”बुरा जो देखण मैं चला,बुरा ना मिलया कोय,
जो मन खोजा आपणा तो मुझसे बुरा ना कोय”
भीड़ मे रहकर भी भीड़ से अलग रहना मुझे पसंद है……कभी-कभी सोचता हुं कि मैं जुदा हुं दुसरों से,पर मेरे आसपास का ताना-बाना जल्द ही मुझे इस बात का एहसास करवा देता है कि नहीं,मैं दुसरों से भिन्न नहीं बल्कि उनमें से ही एक हुं…!
नाम मेरा संजीत त्रिपाठी है, जन्मा रायपुर, छत्तीसगढ़ मे। यहीं पला-बढ़ा,पढ़ा-लिखा और एक आम भारतीय की तरह जिस शहर में जन्मा और पला-बढ़ा वहीं ज़िन्दगी गुज़र रही है। छात्र जीवन से ही स्वभाव में उत्सुकता कुछ ज्यादा थी सो रुझान पत्रकारिता की ओर हुआ। कुछ साल जनसत्ता, नव-भारत, अम्रत-संदेश जैसे राष्ट्रीय और स्थानीय अखबारों में बतौर सिटी रिपोर्टर व असिस्टेंट सब-एडिटर रहा, फ़िर व्यक्तिगत व सामयिक मज़बूरियों के चलते या दुसरे शब्दों मे कहुं तो अपनी शहर ना छोड़ पाने की कायरता के चलते पत्रकारिता से सन्यास ( इसे मैं सन्यास ही कहना चाहुंगा ) लेकर फ़िलहाल एक छोटा सा बिज़नेस कर रहा हुं। यह अलग बात है कि बिज़नेस की आपाधापी के बीच मेरा पत्रकार मन कभी-कभी अपने आप मे अजनबी सा महसुस करता है।
जन्मा मैं एक स्वतंत्रता सेनानी परिवार में, दादा व पिता जी दोनो ही स्वतंत्रता सेनानी थे सो राष्ट्र और राष्ट्रीयता की बातें एक तरह से मुझे घुट्टी में ही मिली। घर में पिता व बड़े भाई साहब को पढ़ने का शौक था सो किताबों से अपनी भी दोस्ती बचपन से ही हो गई। आज भी पढ़ना ही ज्यादा होता है, लिखना बहुत कम्।
लब्बो-लुआब यह कि मैं एक आम भारतीय हुं जिसकी योग्यता भी सिर्फ़ यही है कि वह एक आम भारतीय है जिसे यह नहीं मालुम कि आम से ख़ास बनने के लिए क्या किया जाए फ़िर भी वह आम से ख़ास बनने की कोशिश करता ही रहता है…।
Comments : 20 Comments »
Categories : कुछ जानकारी मेरे बार
टिप्पणियां